मेजर ध्यानचंद नगर इंडस्ट्रीयल एरिया में केमिकल के अवैध गोदाम में लगी आग

 मेरठ : दिल्ली रोड स्थित मेजर ध्यानचंद नगर इंडस्ट्रीयल एरिया में सोमवार दोपहर केमिकल के अवैध गोदाम में आग लग गई। देखते ही देखते गोदाम आग का गोला बन गया। अंदर रखे केमिकल से भरे ड्रम एक के बाद एक फटने लगे। धमाकों से गोदाम का शटर भी उखड़ गया। आसपास के लोग दहल गए। छह घंटे की मशक्कत और दो लाख लीटर पानी की मदद से आग पर काबू पाया गया।



मेजर ध्यानचंद नगर इंडस्ट्रीयल एरिया में विशाल का मकान है, जिसे सुपरटेक पामग्रीन बी-115 निवासी सचिन गुप्ता ने किराये पर ले रखा है। सचिन ने इसे केमिकल रखने का अवैध गोदाम बना रखा है। सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे गोदाम में लाग लग गई। शुरुआत में सचिन और अन्य लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग बढ़ती चली गई। इस पर सचिन मौके से भाग गया। सूचना पर घंटाघर से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास किया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। अंदर रखे केमिकल के ड्रम धमाकों के साथ फटने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 30 से 40 धमाके हुए। परतापुर और पुलिस लाइन से भी गाड़ियां पहुंच गई। इसके बाद भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका। दो बार आग बुझी, लेकिन फिर सुलग गई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि शाम सात बजे आग पर काबू पा लिया गया था। प्


छह घंटे, सात टैंकर और दो लाख लीटर लगा पानी : आग की विकरालता का अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि छह घंटे में उस पर काबू पाया जा सका। दोपहर करीब डेढ़ बजे गोदाम में आग लगी थी। शुरुआत में एक फायर टैंकर पहुंचा था। इसके बाद जिले से सात गाड़ियां पहुंच गईं। उन्होंने सात घंटे तक पानी की बौछार की। करीब दो लाख लीटर पानी आग बुझाने के लिए इस्तेमाल हुआ। इस दौरान शॉपरिक्स मॉल, सुपरटेक, भल्ला इंटर प्राइजेज और एक अन्य जगह से गाड़ियां पानी भरकर आ रही थी।